PM Kisan yojana : 30 जून से पहले रजिस्ट्रेशन करा लें किसान, जल्द पहुंचने वाली है अगली किस्त

0
pm kisan yojana

नई दिल्ली।मानसून के दस्तक के साथ ही देश के किसानों ने खरीफ फसलों की बुआई शुरू कर दी है। खासकर चावल के कटोरे वाले इलाकों के किसानों ने धान की खेती के लिए खेतों में बीजारोपण का काम शुरू कर दिया है। सरकार ने मानसून के दौरान खेती-बाड़ी के लिए किसानों को मदद करने की खातिर सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan yojana) के तहत आगामी एक अगस्त से अन्नदाताओं के खातों में अगली किस्त ट्रांसफर करने का फैसला किया है।

pm kisan yojana

ऐसे में, सरकार की इस योजना का लाभ पाने के जिन हकदार किसानों ने अब तक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे 30 जून से पहले यह काम पूरा कर लें। निर्धारित समय से पहले योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करा लेने से किसानों को इस साल की दोनों किस्त यानी एकमुश्त 4,000 रुपये उनके खाते में पहुंच जाएंगे।
खेती-बाड़ी करने वाले प्रवासी श्रमिक भी कर सकते हैं आवेदन : सबसे बड़ी बात यह है कि पीएम किसान योजना के नियमों के तहत जून में आवेदन की स्वीकृति मिलने के बाद ही किसानों को अगली दो किस्त की रकम मिल जाएगी। इसमें गौर करने वाली बात यह भी है कि देश में कोविड-19 महामारी के संक्रमण बढ़ने के बाद लॉकडाउन के दौरान अपने घर वापस लौटे प्रवासी श्रमिक (जो खेती-बाड़ी करना चाहते हैं) भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दूसरे प्रदेशों से अपने घर वापस आए प्रवासी श्रमिकों में अनेक लोग सीमांत किसानों की श्रेणी में आते हैं। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शर्तें पूरी करने वाले प्रवासी श्रमिक भी इसका लाभ उठा सकते हैं।
किसानों को साल में 6 हजार की मदद करती है सरकार : देश में खेती-बाड़ी करने वाले किसानों को सरकार एक साल के दौरान छह हजार रुपये की मदद करती है। सरकार की ओर से दी जाने वाली यह रकम तीन किस्तों के जरिए किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर किया जाता है। इन तीन किस्तों में सरकार की ओर से प्रत्येक किस्त में 2000 रुपये का भुगतान किया जाता है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की पहली किस्त की रकम का भुगतान एक दिसंबर से 31 मार्च के बीच रबी की फसल के सीजन में किया जाता है। इसके बाद गरमा और खरीफ फसल के सीजन में एक अप्रैल से 31 जुलाई दूसरी किस्त और खरीफ तथा रबी फसल के सीजन में 1 अगस्त से 30 नवंबर तक किसानों के खाते में तीसरे किस्त की रकम सीधे ट्रांसफर कर दी जाती है। अब कोई किसान यदि 30 जून तक सरकार की इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन कर देता है, खरीफ फसल और रबी फसल के सीजन वाली किस्त की रकम किसानों के खातों में डाल दी जाएगी।

pm kisan yojana
आवेदन के लिए किन-किन दस्तावेजों को जमा कराना जरूरी : पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत आवेदन करने के लिए किसानों को अपने नाम और उम्र के साथ लिंग, जाति, बैंक के खाता का नंबर, बैंक का आईएफसी कोड, मोबाइल नंबर, आधार नंबर (आधार नंबर नहीं रहने की स्थिति में आधार एनरॉलमेंट नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड भी मान्य होगा) आदि जमा कराना जरूरी है।
किसको मिलेगा योजना का लाभ : केंद्र ने देश की राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों को मौजूदा भूमि स्वामित्व प्रणाली का उपयोग करने के लिए कहा है, ताकि लाभार्थियों की पहचान की जा सके और पीएम-किसान पोर्टल पर परिवार के विवरण अपलोड होने के बाद उनके खाते में पैसे भेजें जा सकें। इसमें कहा गया है कि पात्र लाभार्थी किसानों की पहचान करने और पीएम-किसान पोर्टल पर उनका विवरण अपलोड करने की जिम्मेदारी पूरी तरह से राज्य सरकारों की है। एक बार आवेदन करने के बाद राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को उस बारे में जांच करने का अधिकार है। सब कुछ सही पाए जाने पर ही इस योजना के तहत लाभ का हकदार माना जाता है।
आवेदन करने पर यहां पर सूची में देख सकते हैं अपना नाम : पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन करने वाले किसान ऑनलाइन भी लाभार्थियों की सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें सरकार की वेबसाइट pmkisan.gov.in पर क्लिक करना होगा। वेबसाइट खुलने के बाद मेन्यू बार देखें और यहां ‘फार्मर कार्नर’ पर जाना पड़ेगा। ‘लाभार्थी सूची’ के लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें अपना राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव विवरण दर्ज करना होगा। इसके बाद उन्हें Get Report पर क्लिक करना होगा और उसके बाद उन्हें अपने नाम की जानकारी मिल जाएगी। जिन किसानों को इस योजना का लाभ सरकार की तरफ से दिया गया है उनके भी नाम राज्य/जिलेवार/तहसील/गांव के हिसाब से देखे जा सकते हैं। इसमें सरकार ने सभी लाभार्थियों की पूरी सूची अपलोड कर दी है।
हेल्पलाइन नंबर और मेल के जरिए भी ली जा सकती है।

सरकार की इस योजना के तहत आवेदन करने वाले किसान पीएम किसान हेल्पलाइन नंबर 155261, पीएम किसान टोल फ्री नंबर 1800115526, और पीएम किसान लैंड लाइन नंबर 011-23381092, 23382401 पर भी संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, किसान मेल आईडी pmkisan-ict@gov.in पर ईमेल भी कर जानकारी हासिल सकते हैं।

Comments

comments

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here