नई दिल्ली। देशभर में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। देश में अबतक कोरोना से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है। ऐसे में लोगों से लगातार एहतियात बरतने की अपील की जा रही है। यहां तक की खुद पीएम मोदी ने लोगों से संवाद साधा और उन्हें ज्यादातर घर में ही रहने की अपील की। अब ऐसे में दिल्ली मेट्रो भी कोरोना वायरस को फैलने से रोकने की इस मुहिम में शामिल हो गई है और कुछ नियमों में बदलाव किए है जिन्हें जानना आपके लिए बेहद जरुरी है।


Delhi Metro Advisory on COVID-19. #CoronaAlert pic.twitter.com/sCrFW4SwN0
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) March 19, 2020
दिल्ली मेट्रो की ओर से जारी की गई 8 प्वाइंट एडवाइजरी के मुताबिक, मेट्रो में अब खड़े होकर यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और बैठते वक्त भी यात्रियों को बीच में एक सीट छोड़कर बैठने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही मेट्रो में सफर कर रहे यात्रियों की रैंडल थर्मल स्कैनिंग सभी मेट्रो स्टेशनों पर की जाएगी। यदि किसी को बुखार है या कोरोना वायरस का कोई लक्षण दिखाई देता है, तो उसे चिकित्सा परीक्षण और क्वारनटीन के लिए भेजा जाएगा।

इसके अलावा दिल्ली मेट्रो ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि जिन स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ होगी यानी जहां यात्रियों के बीच 1 मीटर की अपेक्षित दूरी नहीं होगी वहां मेट्रो नहीं रुकेगी। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों या समान लक्षण वाले यात्रियों को किसी भी मोड से यात्रा ना करने की सलाह दी जाती है। डीएमआरसी ने कहा कि वैश्विक संकट से निपटने के लिए हम सभी को संकल्प करना चाहिए और इसके प्रसार को कम करने के लिए सहयोग करना चाहिए। तो यदि बहुत जरुरत हो तो ही ट्रेवल करें वरना कोशिश करें घर से बाहर ना निकलने की।
















